भोपाल, इंदौर और जबलपुर में चलने वाली 833 सिटी बसों में बुधवार को महिलाएं फ्री सफर कर सकेंगी। भोपाल में कुल 368, इंदौर में 400 और जबलपुर में 65 सिटी बसों में यह सुविधा मिलेगी। पिछले साल भी रक्षा बंधन पर यह सुविधा दी गई थी।

रक्षा बंधन के मौके पर महिलाओं को ‘शहर सरकार’ ने तोहफा दिया है। भोपाल में 25 रूट पर बसें चलेंगी। सुबह 6 से रात 9 बजे तक महिलाएं और युवतियां इनमें कहीं भी आना-जाना कर सकेंगी। उन्हें किराया नहीं देना पड़ेगा। ये बसें शहर के सभी एरियों को कवर करती हैं। भोपाल में सिटी बसों में एक दिन में डेढ़ लाख से ज्यादा लोग सफर करते हैं। इनमें 40% तक यानी करीब 60 हजार महिला यात्री शामिल हैं। रक्षा बंधन के दिन यह संख्या 70 हजार तक पहुंच सकती है।

इंदौर में अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड ने इस बार भी रक्षा बंधन के मौके पर शहर में संचालित सिटी बस, आई बस और इलेक्ट्रिक बसों में महिला-युवतियों के लिए नि:शुल्क सफर करने की व्यवस्था की है। करीब 400 बसों का संचालन शहर में किया जाता है। रोजाना करीब सवा लाख से अधिक महिलाएं, युवतियां और छात्राएं एआईसीटीएसएल द्वारा शहर में संचालित सिटी बसों में सफर करती हैं।

जबलपुर में महापौर जगत बहादुर अन्नू ने सभी महिला और युवतियों को उपहार स्वरूप रक्षा बंधन त्योहार पर 30 अगस्त को फ्री मेट्रो बस यात्रा कराने की घोषणा की है। यहां सुबह 7 से रात 10 बजे तक शहर के हर कोने में बस दौड़ेगी। रक्षा बंधन के दिन करीब 65 बस शहर में चलेंगी। इनमें की बच्चियां और महिलाएं निशुल्क सफर कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *