चुनाव आयोग आज लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर सकता है। इसके साथ देश में चुनावी आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। राजनीतिक दलों को कई तरह के प्रतिबंधों का पालन करना पड़ेगा। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराए जा सकते हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि इस पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा।

चुनाव आयोग के 2 नए चुनाव आयुक्तों के लिए 2 नाम फाइनल हो गए हैं। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आज एक कमेटी की बैठक हुई। विपक्ष के नेता अधीर रंजन ने कहा कि केरल के ज्ञानेश कुमार और पंजाब के बलविंदर संधू के नाम फाइनल हो गए हैं।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बुधवार को ही जम्मू-कश्मीर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। सभी दलों ने मांग की कि जम्मू-कश्मीर में भी लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव करा लिए जाएं। लोकसभा चुनाव के साथ ही निर्वाचन आयोग जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्यों में भी चुनाव का ऐलान करेगा। खासतौर पर जम्मू-कश्मीर पर क्या फैसला होगा। इस पर सभी की नजरें हैं।

लोकसभा चुनाव के ऐलान से पहले ही कांग्रेस चुनाव प्रचार में जुट गई है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिर्काजुन खड़गे जहां आधे से ज्यादा राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों में जनसभाएं कर चुके हैं। वहीं, राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिये लोगों के साथ चुनावी मुद्दों पर सीधा संवाद कर रहे हैं। पार्टी ने इन रैलियों और यात्रा के जरिये चुनावी वादों का ऐलान भी शुरू कर दिया है। पिछले दो माह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जहां कई प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के साथ चुनाव तैयारियों का जायजा लिया है, वहीं इस अवधि में उन्होंने 16 राज्यों में 20 से ज्यादा रैलियों को संबोधित किया है। पार्टी ने अभी चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत नहीं की है, इसलिए पार्टी इन जनसभाओ के जरिये कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ मतदाताओं को संदेश दे रही है।

आपको बता दें कि 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के लिए 11 अप्रैल से लेकर 19 मई के बीच 7 चरणों में चुनाव कराए गए थे। चुनाव के परिणाम 23 मई को घोषित कि गए थे। उस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 303 सीटों पर जीत हासिल की थी। भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 353 सीटें जीतीं। कांग्रेस पार्टी महज 52 सीटें जीत सकी और कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को कुल 92 सीटें मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *