मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में BJP ने दमदार प्रदर्शन किया है। राज्य में बीजेपी ने बहुमत हासिल कर लिया है। चुनाव आयोग के अनुसार, भाजपा ने प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों में से 163 पर जीत हासिल की। वहीं, कांग्रेस पार्टी को महज 66 सीटों से संतोष करना पड़ा। इसके अलावा, भारत आदिवासी पार्टी ने भी प्रदेश में पहली बार जीत दर्ज कर एक सीट अपने कब्जे में की। इन तीन दलों के अलावा, कोई भी अन्य दल अपना खाता नहीं खोल पाया।

राज्य में चुनाव जीतने वाले दिग्गजों में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (बुधनी), कैलाश विजयवर्गीय (इंदौर एक), केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर (दिमनी), प्रहलाद पटेल (नरसिंहपुर), लोकसभा सांसद राकेश सिंह (जबलपुर पश्चिम), लोकसभा सांसद उदय प्रताप सिंह (गाडरवारा) से जीत हासिल की। चौंकाने वाली बात यह है कि केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते (निवास) से चुनाव हार गए। एमपी चुनाव में शिवराज सिंह चौहान सरकार के 10 मंत्रियों को भी हार का सामना करना पड़ा है। बता दें कि मध्य प्रदेश की 230 सीट के लिए मतदान 17 नवंबर को हुआ था। मतगणना 3 दिसंबर की सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच 52 जिला मुख्यालयों पर शुरू हुई थी।

इस बड़ी जीत के पीछे बीजेपी का माइक्रो मैनेजमेंट है। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने करीब 100 दिन पहले यानी 17 अगस्त को अपने कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट जारी की थी। पार्टी ने इतनी जल्दी नामों का ऐलान कर सभी को चौंका दिया था। हालांकि ये कदम रणनीति के तहत उठाए गए थे। सबसे पहले उन सीटों पर नामों का ऐलान किया गया, जहां पार्टी की पकड़ बेहद कमजोर थी।

इसके साथ ही कैंडिडेट्स वोटर्स के ये यकीन दिलाने में भी कामयाब हो गए कि अगर वह चुनाव जीतते हैं और सूबे में बीजेपी की सरकार आती है, तो डबल इंजन की सरकार से इस क्षेत्र का भरपूर विकास होगा।  स्थानीय समस्याओं का समाधान किया जाएगा. इसके अलावा पीएम मोदी का चेहरा जीत की सबसे बड़ी गारंटी बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *