भारत दुनिया की महाशक्तियों को एक मंच पर लाने के लिए तैयार है। ये पहली बार होगा, जब दुनिया के शक्तिशाली देश के राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली में एक साथ एक वक्त पर होंगे। 48 घंटे के लिए भारत की राजधानी दिल्ली दुनिया का सबसे हॉट सेंटर होगा।

नई दिल्ली में 9 से 10 सितंबर को होने वाली G20 समिट में मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जियो मेलोनी के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ नई दिल्ली पहुंचे हैं। उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने रिसीव किया। प्रधानमंत्री बनने के बाद सुनक पहली बार भारत आए हैं।

जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा भी अपनी पत्नी के साथ दिल्ली पहुंचे हैं। G20 समिट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी 15 वर्ल्ड लीडर्स से बाइलेट्रल बातचीत करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इनमें से 3 द्विपक्षीय वार्ता आज उनके आवास पर होंगी। PM आज अमेरिका, बांग्लादेश और मॉरिशस से द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन शुक्रवार शाम को भारत आ रहे हैं।

जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज आज सुबह भारत पहुंचे। वहीं, मॉरिशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनौथ ​​​​​और नाइजीरिया के राष्ट्रपति अहमद तिनुबु भी पहले आ चुके हैं। राष्ट्रपति अहमद तिनुबु का स्वागत मराठी धुनों के साथ किया गया। वो G20 के गेस्ट के तौर पर शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। ​ जापान के PM फुमियो किशिदा, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग, UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान के देर शाम तक भारत पहुंचने की संभावना है।

वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनिपिंग G20 समिट में शामिल होने के लिए भारत नहीं आ रहे हैं। पुतिन की जगह उनके विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव रूस का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *